बिजनौर में राहुल गांधी और प्रियंका वाड्रा का रोड शो आठ को
बिजनौर। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी व राष्ट्रीय महासचिव व पूर्वांचल प्रभारी प्रियंका वाड्रा आठ अप्रैल को बिजनौर लोकसभा सीट पर रोड शो निकालेंगे। दोनों का कार्यक्रम जिले के लिए मिल गया है।
लोकसभा चुनाव में यूपी में कांग्रेस का गठबंधन महान दल से हुआ है। जिले की दोनों सीटों पर कांग्रेस ने अपने प्रत्याशी उतारे हैं। बिजनौर लोकसभा सीट पर मुस्लिम समाज के बड़े नेता नसीमुद्दीन सिद्दीकी और नगीना सुरक्षित लोकसभा सीट पर पूर्व मंत्री ओमवती कांग्रेस के सिंबल पर चुनाव मैदान में हैं। दोनों नेताओं ने कांग्रेस के स्टार प्रचारकों के कार्यक्रम जिले के लिए मांगे थे। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी तथा राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका वाड्रा का कार्यक्रम बिजनौर लोकसभा सीट के लिए मिल गया है। दोनों आठ अप्रैल को बिजनौर लोकसभा सीट पर रोड शो निकालेंगे। हालांकि अभी यह तय नहीं हो पाया है कि दोनों लोकसभा क्षेत्र की कौन सी विधानसभा में रोड शो करेंगे। कांग्रेस जिलाध्यक्ष बाबू डूंगर सिंह ने राहुल गांधी व प्रियंका वाड्रा का कार्यक्रम मिलने की पुष्टि की है।