शिकायतों को निदान न होने से ग्रामीणों में असंतोष
धामपुर। गांव सरकड़ा चकराजमल निवासी घनश्याम सिंह पांडेय, हरिराज सिंह आदि ने मुख्यमंत्री को भेजी शिकायत में बताया कि उनके गांव में शिक्षा विभाग की 32 बीघा जमीन जूनियर हाईस्कूल के नाम से अभिलेखों में दर्ज थी। इस जमीन को तत्कालीन प्रबंधक ने राजस्व विभाग के अधिकारियों से मिलीभगत कर अभिलेखों में हेराफेरी कर गांव के बाबा लक्ष्मण दास इंटर कॉलेज के नाम दर्ज करा लिया। गलत तरीके से जमीन को दर्ज कराने के बाद पर उस पर ऋण भी ले लिया। ग्रामीणों ने यह भी अवगत कराया कि गांव के कुछ लोगों ने श्मशान की जमीन पर कब्जा कर लिया और अब उस जमीन को बेचने की फिराक में है। कई बार एसडीएम और तहसील दिवस कार्यक्रम में शिकायत दर्ज कराई गई। लेकिन कुछ नहीं हो रहा है। ग्रामीणों ने मामले की सीएम से जांच कराने के बाद सरकारी संपत्ति को खुर्दबुर्द होने से बचाने और आरोपियों पर कार्रवाई करने की मांग की है। तहसीलदार भान सिंह का कहना है कि मामले की जांच कर कार्रवाई होगी।