गन्ना सेंटर बदलने पर भड़के किसान
नगीना। गन्ना समिति की अनुमति के बिना धामपुर शुगर मिल का गन्ना क्रय केंद्र गांव नरैनी से हटाकर दूसरे क्षेत्र में लगाने से किसानों व गन्ना समिति मंडल में रोष व्याप्त है। इससे गुस्साए सैकड़ों किसानों ने गन्ना पर्ची (इंडेंट) लेने से इंकार कर दिया।
गन्ना समिति सभागार में मंडल बोर्ड की बैठक में वक्ताओं ने कहा कि धामपुर चीनी मिल द्वारा गन्ना क्रय केंद्र नरैनी से हटवा दिया गया है। इस कार्य में न तो समिति को बताया गया और न ही इसके लिए अनुमति ली गई। साथ ही चेतावनी दी गई कि जब तक क्रय केंद्र को नरैनी क्षेत्र में नहीं लगाया जाता क्षेत्र के किसान इंडेंट नहीं लेंगे। इस बारे में गन्ना सचिव धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि उन्होंने क्षेत्र के किसानों के लिए इंडेंट भेजे थे। लेकिन किसानों ने इंडेंट लेने से इंकार कर दिया। उन्होंने बताया कि समस्या का समाधान न होने से क्षेत्र के करीब चार सौ किसान प्रभावित होंगे। क्षेत्रीय संचालक मुमताज परवीन, गन्ना विकास परिषद के चेयरमैन कृपाल सिंह, प्रदीप विश्नोई, नृपेंद्र कुमार, राजपाल सिंह, हेमराज, अंजू विश्नोई, धर्मवीर सिंह, लियाकत अली, शिवराज सिंह, धर्मवीर, नरेंद्र सिंह, सतपाल सिंह आदि रहे।