ट्रेन की चपेट में आने से बाल बाल बचे
हल्दौर। बंद रेलवे फाटक को पार कर रहे बाइक सवार दो युवक गढ़वाल एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से बाल-बाल बच गए। बुधवार को सुबह करीब साढे़ ग्यारह बजे चांदपुर की ओर से गढ़वाल एक्सप्रेस आ रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हल्दौर रेलवे फाटक बंद कर दिया गया था। इसके बावजूद पैदल यात्री तथा कई बाइक सवार गेट के बूम के नीचे से बाइक निकाल कर गेट पार कर रहे थे। इसी दौरान गढ़वाल एक्सप्रेस नजदीक आ गई। ट्रेन आने से लाइन के बीचोंबीच फंसे लोगों में खलबली मच गई। गेटमैन और लोगों ने बमुश्किल बाइक पीछे खींचकर दोनों युवकों को ट्रेन की चपेट में आने से बचाया। गेटमैन और अन्य लोगों ने बाइक सवारों जमकर फटकार लगाते हुए भविष्य में गलती न दोहराने की चेतावनी दी।