अमरोहा। संरक्षा और ढांचागत मरम्मत के कार्य के नाम पर उत्तर रेलवे ने 12 जुलाई से टर्मिनल पर पहुंचने वाली 96 ट्रेनों के समय में अस्थाई रूप से बदलाव किया है। ट्रेनों की यात्रा समाप्ति समय में 15 से 45 मिनट का संशोधन किया गया है। देरी में इस हेराफेरी के बावजूद ट्रेनेें मंजिल पर देरी से ही पहुंच रही है। फिलहाल इस हेराफेरी में ट्रेनों के टाइम मैनेजमेंट पर कुछ खास असर होता नहीं दिख रहा है।
खतौली हादसे के बाद से रेलवे संरक्षा और ढांचागत मरम्मत कार्य में लगा हुआ है। ब्लाक लेकर ट्रैक मरम्मत का काम चल रहा है। करीब सालभर बाद भी अभी तक मरम्मत का काम पूरा नहीं हो सका है। यही वजह है कि सर्दियों की तरह ट्रेनें गर्मियों में भी लेटलतीफी की शिकार है। यात्रा समाप्ति समय में संशोधन कर रेलवे ने ट्रेन के समय में सुधार की कवायद की है। बारह जुलाई से उत्तर रेलवे ने करीब 96 ट्रेनों के टर्मिनल पर पहुंचने के समय में अस्थाई रूप से बदलाव किया गया है। इसमें अमरोहा से गुजरने वाली करीब बीस ट्रेनें शामिल है। 15 से 45 मिनट के किए गए इस संशोधन का कुछ खास असर होता नहीं दिख रहा है। ट्रेनों के मंजिल पर पहुंचने का सयम कुछ यही इशारा करते हैं। बारह जुलाई के बाद भी ट्रेनें देरी से मंजिल पर पहुंच रही हैं। ट्रेनें छह से आठ घंटे की देरी से अपने गंतव्य पर पहुंच रही हैं। समय में की गई हेराफेरी के बाद भी अमरोहा से गुजरने वाली काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस, नौचंदी, शहीद, जनसाधारण एक्सप्रेस सहित अन्य ट्रेनें अभी देरी से ही चल रही हैं।
अमरोहा से गुजरने वाली इन ट्रेनों की बढ़ाई अवधि
अमरोहा। काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस, इंटरसिटी एक्सप्रेस, पदमावत एक्सप्रेस, लोकनायक एक्सप्रेस, नौचंदी एक्सप्रेस, शहीद एक्सप्रेस, आला हजरत एक्सप्रेस, बरेली-दिल्ली एक्सप्रेस, सदभावना एक्सप्रेस, फरक्का एक्सप्रेस, लखनऊ-नई दिल्ली एसी सुपर फास्ट एक्सप्रेस, फैजाबाद दिल्ली एक्सप्रेस, जनसाधारण एक्सप्रेस, गोरखपुर आनंद विहार एक्सप्रेस, सदभावना एक्सप्रेस।
ऐसे करता है रेलवे टाइम मैनेजमेंट
अमरोहा। रेलवे ट्रेनों को समय से चलाने के लिए टाइम मैनेजमेंट करता है। कुछ ट्रेनों की गंतव्य से पहले स्टेशन के बीच का समय अधिक कर दिया जाता है। दोनों स्टेशनों के बीच की मार्जिन बीस से चालीस मिनट का होता है। अगर कोई ट्रेन आधा घंटा देरी से चल रही होती है तो इस मार्जिन टाइममिंग से उसे मेकअप कर लिया जाता है।
बारह जुलाई के बाद की स्थिति
काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस कितनी लेट पहुंची दिल्ली
15 जुलाई------ 06 घंटे 42 मिनट
14 जुलाई------ 02 घंटे 33 मिनट
13 जुलाई------ 06 घंटे 20 मिनट
इंटर सिटी एक्सप्रेस कितनी लेट पहुंची दिल्ली
15 जुलाई------ 24 मिनट
14 जुलाई------ 04 घंटे 20 मिनट
13 जुलाई------ 10 मिनट
पद्मावत एक्सप्रेस कितनी लेट पहुंची दिल्ली
15 जुलाई------ 02 घंटे 20 मिनट
14 जुलाई------ 02 घंटे 25 मिनट
13 जुलाई------ समय से
फैजाबाद-दिल्ली एक्सप्रेस कितनी लेट पहुंची दिल्ली
15 जुलाई------ 05 घंटे 20 मिनट
14 जुलाई------ 03 घंटे 50 मिनट
13 जुलाई------ 03 घंटे 55 मिनट
आला हजरत एक्सप्रेस कितनी लेट पहुंची बरेली
14 जुलाई------ 07 घंटे 15 मिनट
13 जुलाई------ 08 घंटे
12 जुलाई------ 15 मिनट
डबल डेकर कितनी लेट पहुंची दिल्ली
15 जुलाई------ 11 मिनट
14 जुलाई------ 01 घंटे 55 मिनट
13 जुलाई------ 57 मिनट