धर्मांतरण की सूचना पर दौड़ी पुलिस
नहटौर। गांव हरगनपुर में धर्मांतरण की सूचना पर पुलिस में हड़कंप मच गया। एक घर में कीर्तन के माध्यम से एक समुदाय का प्रचार-प्रसार किया जा रहा था। मौके पर पहुंची पुलिस ने कीर्तन को रुकवा दिया। साथ ही आयोजकों को कार्रवाई की चेतावनी देकर छोड़ दिया।
गांव हरगनपुर में परम सिंह सैनी के घर पर कुछ लोग कीर्तन कर रहे थे। ग्रामीणों के मुताबिक कीर्तन में ईसा मसीह के बारे में बताया जा रहा था। लोगों को धर्मांतरण करने के उद्देश्य से पाठ पढ़ाया जा रहा था। ईसा में विश्वास करने वालों को बीमारियों से निजात दिलाने की बात कही जा रही थी। पुलिस को कीर्तन में धर्मांतरण कराने की सूचना दी गई। पुलिस के मुताबिक कीर्तन में शामिल कुछ लोग दवाओं का प्रचार कर रहे थे। एक समुदाय के बारे में बताने की बात भी सामने आई है। मौके पर जाकर कीर्तन को रुकवा दिया गया और आयोजकों को सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
उधर, इससे पूर्व गांव हरगनपुर के अलावा करीमपुर आदि में इस तरह के कीर्तन करने पर विवाद हो गया था। पुलिस ने गांव करीमपुर से कई लोगों को पकड़कर शांतिभंग में चालान भी किया था। एक विशेष बिरादरी के लोगों को धर्मांतरण का लालच दिया जा रहा है। क्षेत्र में इस तरह के कई मामले सामने आ गए हैं। एसएसआई मदन मोहन चतुर्वेदी का कहना है कि पुलिस गांव में गई थी। बिना अनुमति के ऐसे कार्य करवाने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।