बिजनौर । रिश्तेदारी से लौटते समय अज्ञात वाहन की टक्कर लगने से मेरठ ले जाते वक्त एक बाइक सवार की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रुप से घायल हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
धामपुर के मोहल्ला लोहियान निवासी जगदीश सैनी (35) अपने साथी विनोद (33) के साथ रविवार की सुबह बाइक से कोतवाली देहात के गांव शादीपुर बरूकी में अपनी रिश्तेदारी में आया था। शाम को वह अपने घर बाइक से ही लौट रहा था। लौटते समय कोतवाली देहात मार्ग स्थित गांगन के पुल के पास उनकी बाइक में किसी अज्ञात वाहन ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रुप से घायल गए। पुलिस ने राहगीरों की मदद से दोनों को जिला अस्पताल भर्ती कराया। जहां से दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद मेरठ भेज दिया। मेरठ ले जाते वक्त जगदीश की रास्ते में मौत हो गई। जबकि विनोद को उपचार के लिए मेरठ के अस्पताल में भर्ती कराया गया। हादसे की सूचना मिलते की परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने जगदीश का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। परिजनों के अनुसार दोनों कारीगर थे।