नूरपुर (ब्यूरो)। गांव अस्करीपुर निवासी रामचरण सिंह की पत्नी गजरा देवी अपने पुत्र रविंद्र के साथ रिश्तेदारी में स्योहारा क्षेत्र के गांव रूपपुर गई थी। रविवार की देर शाम घर लौटने के लिए वह स्योहारा रोड पर सवारी का इंतजार कर रहे थे। इस दौरान रविंद्र ने स्योहारा की ओर से आ रही नूरपुर निवासी एक युवक की बाइक पर गजरा देवी को लिफ्ट दिला दी। खुद पीछे से आ रही बस में सवार हो गया। गांव भूतपुरी के पास सड़क में बने गड्ढे के कारण बाइक उछल गई। इसमें गजरा देवी सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई। पीछे से आ रहे रविंद्र और बाइक सवार युवक उसे लेकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजन बिना किसी कार्रवाई के शव को अपने साथ ले गए।