अक्तूबर में चलेगा मिशन इंद्रधनुष
बिजनौर । स्वास्थ्य विभाग की ओर से बच्चों में होनी वाली बीमारियों को रोकने के लिए अक्तूबर में सघन मिशन इंद्रधनुष अभियान चलाया जाएगा। इसके अंतर्गत शून्य से दो साल तक के बच्चों को कई बीमारियों के टीके लगाए जाएंगे और गर्भवती महिलाओं को टिटनेस का टीका लगाया जाएगा।
जिले में शून्य से दो साल तक के करीब 25 हजार और साढ़े छह हजार गर्भवती महिलाएं है। इनको डिप्थीरिया, टिटनेस, काली खांसी, हैप्टाइटिस, नमुनिया, मिजेलस, पोलियो व टीबी की रोकथाम के लिए इंद्र धनुष अभियान चलाया जाएगा। अभियान सात अक्तूबर से एक सप्ताह के चलाया जाएगा। विभाग की ओर से कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए जिले, ब्लॉक और एमओआईसी पर आशा, आंगनबाड़ी, एएनएम, मेल वर्कर, सुपर वाइजर को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। यह प्रशिक्षण पांच सितंबर तक चलेगा। बुधवार और शनिवार को साप्ताहिक टीकाकरण किया जाता है जो पहले की ही तरह चलेगा। सीएमओ डॉ. राकेश मित्तल ने बताया कि बच्चों और गर्भवती महिलाओं को सात तरह की बीमारियों से बचाव के लिए इंद्र धनुष अभियान चलाकर टीकाकरण किया जाता है।