शिकायत निस्तारण में लापरवाही पर दरोगा निलंबित
नूरपुर (बिजनौर)। समाधान दिवस में नूरपुर थाने पहुंचे डीआईजी ने शिकायत के निस्तारण में लापरवाही बरतने पर दौलतपुर चौकी इंचार्ज को निलंबित कर दिया। साथ ही प्रभारी निरीक्षक को समाधान दिवस में आई शिकायतों के त्वरित निस्तारण करने के कड़े निर्देश दिए।
शनिवार की दोपहर 11 बजे थाने पहुंचे डीआईजी ओंकार सिंह ने समाधान दिवस में आई शिकायतों एवं उनके निस्तारण के संबंध में जानकारी ली। इस दौरान गांव रहटी जागीर निवासी बृजेश सिंह ने डीआईजी को बताया कि उनके गांव के विपिन ने क्षेत्र में तालाब मत्स्य पालन के लिए पट्टे पर लिया हुआ है। गांव के कुछ प्रभावशाली लोगों ने तालाब में कूड़ियां डालकर अवैध कब्जा कर रखा है। विपिन कुमार ने पिछले समाधान दिवस में कूड़ियों को हटाने की मांग को लेकर प्रार्थना पत्र दिया था, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गईं। डीआईजी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित दरोगा दौलतपुर चौकी इंचार्ज रामकुमार सिंह से मामले की जानकारी ली तो वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए। इस पर डीआईजी ने उन्हें निलंबित कर दिया। डीआईजी ने कहा कि शासन के आदेश हैं कि समाधान दिवस में आई शिकायतों का यथा शीघ्र निस्तारण किया जाएं। उन्होंने प्रभारी निरीक्षक सतेंद्र कुमार को समाधान दिवस में आई शिकायतों का त्वरित निस्तारण करने के कड़े निर्देश दिए।