जिला अस्पताल में 17 घंटे गुल रही बिजली, बिलबिला उठे मरीज
बिजनौर। जिला अस्पताल में 17 घंटे में बिजली गायब रही। जिसके चलते पूरी रात मरीजों को उमस भरी गर्मी में ही गुजारनी पड़ी। बिजली न होने से मरीजों ने हाथ के पंखों का सहारा लिया। इसके साथ ही बिजली की वजह से जिला अस्पताल में मरीजों की जांच करने में भी परेशानी आई।
जिला अस्पताल में सोमवार रात नौ बजे से मंगलवार दोपहर दो बजे तक बिजली गायब रही। बिजली न होने से वार्ड में भर्ती मरीजों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। अस्पताल में भर्ती मरीज गर्मी से बिलबिलाते रहे। जिला अस्पताल में बिजली न आने से रोजाना मरीजों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा रहा है। आए दिन जिला अस्पताल की बिजली गुल रहती है। हालांकि जिला अस्पताल में आने वाले जरूरतमंद मरीजों की जांच की गई, लेकिन बिजली न आने पर वार्ड में भर्ती मरीजों के लिए कोई विकल्प नहीं निकला। जिला अस्पताल में कुछ मरीज हाथ के पंखों से हवा करते हुए नजर आए। वहीं कुछ महिलाओं ने हवा करने के लिए तो दुपट्टे का सहारा लिया। 17 घंटे बिजली गुल रहने से पानी की किल्लत हो गई। बिजली न आने से जिला अस्पताल में लगी टंकी खाली हो गई। जिसकी वजह से मरीज और अस्पताल का स्टाफ पानी के लिए तरस गए। इसके बाद जब दोपहर में दो बजे बिजली आई, तब जाकर टंकी में पानी भरा गया।
11 केवी से हटाकर 33 केवी से कराई आपूर्ति
जिला अस्पताल में बिजली की आपूर्ति 11 केवी के लाइन से थी। जिसके चलते जिला अस्पताल की रोजाना बिजली गुल रहती थी। इसके बाद सोमवार शाम को जिला अस्पताल की बिजली आपूर्ति 33 केवी लाइन से करा दी गई, लेकिन बिजली की समस्या अभी भी बनी हुई है। जिला अस्पताल में बिजली गुल रहने से मरीज परेशान रहे।
जेनरेटर चलाकर की बिजली आपूर्ति : सीएमएस
जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. अरुण कुमार पांडेय ने बताया कि 17 घंटे अस्पताल की बिजली गुल रही। जिसके चलते अस्पताल का काम सुचारु रूप से चलाने के लिए जेनरेटर चलाया गया, लेकिन वार्ड तक बिजली की व्यवस्था नहीं हुई। हालांकि जेनरेटर चलाकर केवल ऑफिस का काम ही हो पाया।
हमारे स्तर से ठीक है बिजली : एसडीओ
एसडीओ प्रदीप कुमार ने बताया कि हमारे स्तर से बिजली की सप्लाई ठीक है। जिला अस्पताल में ही कुछ फाल्ट होने की वजह से बिजली गुल रही होगी। बिजली घर से बिजली की सही सप्लाई हो रही है।
छह घंटे गायब रही आधे शहर की बिजली
बिजनौर। बुखारा बिजलीघर में केबल बॉक्स फुंकने से आधे शहर की करीब छह घंटे बिजली गुल रही। दिन में उमस व गर्मी में बिजली नहीं होने से उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। आधे शहर के व्यापारियों का भी कार्य प्रभावित रहा। घरों व प्रतिष्ठानों पर रखे इंवर्टर ठप हो गए। करीब छह घंटे में बिजली विभाग के अधिकारी व कर्मचारी फुंके केबल बॉक्स को सही कर पाए। शाम करीब साढ़े पांच बजे के बाद आपूर्ति सुचारु हुई। इसके बाद करीब आधा घंटे तक लोड अधिक होने से ट्रिपिंग की समस्या बनी रही। उधर, एसडीओ सदर प्रदीप कुमार ने बताया कि बिजलीघर में केबल बॉक्स खराब होने से आपूर्ति बाधित रही। जिसे शाम तक ठीक कर दिया गया।