एसडीएम के निरीक्षण में खाली मिला अस्पताल
नगीना। डीएम सुजीत कुमार ने अपने व्हाट्सएप पर नगीना सीएचसी की चिकित्सा सुविधा संबंधी शिकायत का संज्ञान लेते हुए एसडीएम गजेंद्र कुमार और नोडल अधिकारी को सीएचसी भेजकर औचक निरीक्षण कराया तो सभी चिकित्सक नदारद मिले। सीएचसी में भी कोई सुविधा संतोष जनक नहीं दिखाई दी। इसकी रिपोर्ट सीएमओ को सौंपी गई। सीएमओ ने तत्काल कार्रवाई करते हुए नगीना सीएचसी प्रभारी को स्थानांतरित कर बालावाली पीएचसी को भेजा है।
नोडल अधिकारी एसके निगम ने बताया कि रविवार को नगीना निवासी एक व्यक्ति ने डीएम सुजीत कुमार से व्हाट्सएप पर शिकायत की थी कि नगीना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ड्यूटी के समय न तो चिकित्सक ही रहते हैं और न ही मरीजों को कोई सुविधा उपलब्ध कराई जाती है। इस पर डीएम ने एसडीएम नगीना और नोडल अधिकारी एसके निगम की टीम को रविवार रात नगीना सीएचसी का औचक निरीक्षण करने के लिए भेजा।
इस दौरान ड्यूटी के समय तीनों चिकित्सक गायब मिले और सीएचसी में न तो सफाई व्यवस्था थी और न ही जेनरेटर लॉग बुक। लेबर रूम में भी कोई कर्मचारी नहीं मिला। नोडल अधिकारी ने बताया कि औचक निरीक्षण की रिपोर्ट सीएमओ शरद त्यागी को भेज दी गई। सीएमओ ने प्रशासनिक आधार पर कार्रवाई करते हुए नगीना सीएचसी प्रभारी नवीन कुमार का स्थानांतरण बालावाली कर दिया। जनहित का ध्यान रखते हुए नहटौर के डॉ. कुणाल को नगीना का चार्ज दे दिया गया है।