पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारों के साथ पाकिस्तान का पुतला फूंका
भागूवाला/मंडावली। जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में हुए आतंकी हमले को लेकर नागरिकों में आक्रोश है। नागरिकों ने आतंकवाद और पाकिस्तान के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पाकिस्तान का पुतला फूंका।
भागूवाला क्षेत्र में पुलवामा की आतंकी घटना से आहत बड़ी संख्या में हिंदू-मुस्लिम लोग जामा मस्जिद में एकत्र हुए। आबिद आलम, रिजवान, अखिलेश, अय्यूब, डॉ.रवि, शुएब, डॉ.ओपी सिंह, कैलाश, अरुण, रामपाल सैनी, राजकुमार, विक्रम के नेतृत्व में लोगों ने राष्ट्रीय ध्वज को हाथों में लेकर पाकिस्तान मुर्दाबाद, आतंकवाद मुर्दाबाद के नारों के बीच जुलूस निकाला। जनता जूनियर हाईस्कूल में पहुंचकर लोगों ने पुलवामा की आतंकी घटना को कायरतापूर्ण बताया। दो मिनट का मौन रखकर लोगों ने पुलवामा में शहीद हुए जवानों की श्रद्धांजलि दी। वहीं मंडावली क्षेत्र में व्यापार मंडल और स्थानीय लोगों ने अपने प्रतिष्ठान बंद और काम छोड़कर पुलवामा में हुई आतंकी घटना पर आक्रोश व्यक्त किया। व्यापार मंडल के अध्यक्ष सतीश गहलोत के नेतृत्व में मंडावली और भुड्डी क्षेत्र में जुलूस निकाला। आक्रोशित लोगों ने देवेंद्र के क्रशर पर आतंकवाद और पाकिस्तान के पुतले को नारेबाजी के बीच आग के हवाले किया। प्रदर्शनकारियों में नागेंद्र सिह, कर्मवीर सिंह, जहूर जैदी, भूपेंद्र, मुकेेश, हेमराज, तसलीम, इस्लामुद्दीन, बुंदू, शमीम, अहसान सहित अनेक लोग शामिल रहे।