गंगा मेले में स्वच्छता पर दें विशेष ध्यान: डीएम
बिजनौर। डीएम अटल कुमार राय ने कहा कि कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा तट पर लगने वाले मेलों में किसी प्रकार की कोई अव्यवस्थाएं नहीं होनी चाहिए। इस बारे में डीएम ने जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी कड़े निर्देश दिए।
डीएम बुधवार को अधिकारियों की बैठक ले रहे थे। डीएम ने गंगा तट पर आयोजित होने वाले गंगा स्नान पर कार्तिक मेले में स्वच्छता व्यवस्था का विशेष ध्यान देना चाहिए। इस दौरान मेला स्थल पर किसी प्रकार की गंदगी, प्रदूषण और अव्यवस्था नहीं होनी चाहिए। इस दौरान पॉलीथिन का प्रयोग नहीं किया जाना चाहिए। यदि किसी दुकानदार अथवा व्यक्ति द्वारा प्रतिबंध के बावजूद पॉलिथीन का प्रयोग किया तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
डीएम ने कहा कि गंगा स्नान मेले को पूरी तरह सुरक्षित, शांतिपूर्वक एवं पारदर्शिता के साथ संपूर्ण कराने के लिए सीसीटीवी कैमरों का प्रयोग किया जाए। जिससे सभी गतिविधियों पर पैनी नजर रखने के लिए किसी भी स्तर पर अव्यवस्था एवं अशांति का माहौल पैदा न हो। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि गंगा तट पर मेले के आयोजन के साथ विदुर कुटी पर भी कई प्रकार के सांस्कृतिक एवं लोक कार्यक्रमों का विशेष रूप से आयोजन कराए जाएं। अपर मुख्य अधिकारी समय समय पर स्वयं तैयारियों का जायजा लेते रहें।
आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि आज
बिजनौर। सार्वजनिक पुस्तकालय अनुदान योजना तथा राजाराम मोहन राय पुस्तकालय प्रतिष्ठान की मैचिंग एवं नान मैचिंग अनुदान योजना के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2018-19 के लिए प्रदेश में नगरीय, ग्रामीण, अल्पसंख्यक बाहुल्य, अनुसूचित जाति, जनजाति बाहुल्य क्षेत्रों में संचालित सार्वजनिक पुस्तकालयों को सहायता, फर्नीचर एवं संग्रहण सामग्री आदि की सहायता के रूप में अनुदान के लिए आवेदन पत्र आमंत्रित किए गए हैं। डीएम अटल कुमार राय ने बताया कि आवेदन का प्रारूप जिला विद्यालय निरीक्षक राजकीय पुस्तकालय, बिजनौर के कार्यालय से प्राप्त किया जा सकता है। आवेदन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि 15 नवंबर 2018 है। उन्होंने बताया कि योजनाओं के आवेदन पत्रों के नवीनतम प्रारूप प्रतिष्ठान की वेबसाइट भी उपलब्ध है।