सरकार की उदासीनता के खिलाफ रेलकर्मियों का प्रदर्शन
नजीबाबाद। उत्तरीय रेलवे मजदूर यूनियन ने रेलवे स्टेशन पर गेट मीटिंग कर सरकार की रेल कर्मचारी विरोधी नीति के खिलाफ नारेबाजी की। रेल कर्मचारियों की वेतन विसंगतियों सहित न्यायोचित मांगे पूरी करने की मांग की।
उत्तरीय रेलवे मजदूर यूनियन के शाखाध्यक्ष प्रवेश बरनवाल, शाखा सचिव अनिल शर्मा के नेतृत्व में यूनियन से जुड़े रेल कर्मचारियों ने शनिवार को गेट मीटिंग की। कर्मचारी नेताओं ने संगठन की न्यायोचित मांगों के प्रति केंद्र सरकार और रेल मंत्रालय के उदासीन रवैय पर रोष व्यक्त किया। रेल कर्मचारी नेताओं ने पुरानी पेंशन बहाल करने, ट्रैक मैंटेनर का कैडर 4200 रुपये, ग्रेड-पे देने, एस एंड टी और टीआरडी विभाग में ड्यूटी रोस्टर लागू करने, रनिंग स्टॉफ के माइलेज का रेट बढ़ाने, आईएस-पे बैंड के में कार्यरत कर्मचारियों को जनवरी 2016 से 18 हजार रुपये का वेतन लागू कर एरियर भुगतान कराने सहित कई मांगें शामिल थीं। रेल कर्मचारियों ने सरकार की उदासीनता का आरोप लगाते हुए नारेबाजी की। प्रदर्शन में सुनील, नरेंद्र, संत कुमार, निगम, सुरेंद्र, प्रमोद, अफसर, रामौतार, सुजुकी, जैकी, विजय पाल, सागर, दीपक, अश्वनी, मुकुल, मो. नाजिम सहित अनेक रेल कर्मचारी उपस्थित रहे।