रेहड़। ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ ने एडीओ पंचायत को ज्ञापन देकर ब्लॉक कार्यालय में संबद्ध सफाई कर्मियों को मूल तैनाती स्थल पर भेजने की मांग की। ऐसा नहीं होने पर एक अगस्त से अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी दी है।
पंचायती राज ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ के ब्लॉक अध्यक्ष विजयपाल सिंह ने बताया कि ब्लाक मुख्यालय पर तैनात संबद्ध सफाई कर्मियों को हटाकर मूल तैनाती पर भेजने की मांग ने तूल पकड़ लिया है। सफाई कर्मचारियों का कहना है कि सरकार की ओर से उनकी तैनाती पंचायतों में साफ सफाई को की गई थी, लेकिन विकास विभाग के अधिकारियों ने मनमानी कर पंचायतों में तैनात कई सफाई कर्मियों को गांवों से हटाकर विकास खंड मुख्यालय पर तैनात कर दिया है, जो नियम विरुद्ध है। उन्होंने सरकार से नियमों का उल्लंघन करने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई की भी मांग की है। ज्ञापन देने वालों में कृष्णपाल, शिवराज, रुपेश, सोमपाल, दिलशाद, अमर सिंह रहे। एडीओ पंचायत का कहना है कि उनके मांग पत्र को गंभीरता से लिया जाएगा, अधिकारियों का जो भी आदेश होगा, उसी के अनुरूप कार्रवाई की जाएगी। ब्यूरो