14 दिन में दिया जाए गन्ना भुगतान
बिजनौर। रालोद की मासिक बैठक में गन्ना भुगतान समय पर न होने पर रोष जताया गया। किसानों की समस्याओं का प्रमुखता से समाधान करने की मांग की गई।
जिलाध्यक्ष अशोक चौधरी ने कहा कि मिलों ने 14 दिन के अंदर गन्ना भुगतान देना बंद कर दिया है। इससे किसानों को आर्थिक परेशानी उठानी पड़ रही है। वक्ताओं ने कहा कि किसानों की समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। किसान इस समय परेशान है। जिला प्रशासन से गन्ना भुगतान समय से कराने, गन्ना पर्चियों पर ओवरलोड समायोजन बंद कराने, अतिरिक्त सट्टा चलाने, सर्वे कराकर किसानों को गन्ना पर्ची जारी करने, जिला अस्पताल में चिकित्सकों के खाली पदों को भरने, सड़कों को गड्ढामुक्त करने की मांग की गई। पश्चिमी उत्तर प्रदेश समिति में महासचिव बने चंद्रपाल वाल्मीकि, प्रदेश सचिव पवन राजपूत, उपाध्यक्ष हरपाल सिंह का स्वागत किया गया। बैठक का संचालन यादराम चंदेल ने किया। मुनिदेव शर्मा, पूर्व सांसद मुंशीराम पाल, एमपी सिंह, पूनम चौधरी, राजपाल सिंह, ओमप्रकाश सिंह, मुफीज आलम, हेमेंद्र सिंह, खुर्शीद अहमद आदि मौजूद रहे।
रामलीला मैदान में बैठक 15 को
बिजनौर। पिछड़ा एवं कमजोर वर्ग एकता संघ की बैठक 15 मार्च को बिजनौर के रामलीला मैदान के पास गांधी पार्क में सुबह 11 बजे होगी। यह जानकारी प्रदेश अध्यक्ष करतार सिंह ने दी।