नजीबाबाद (बिजनौर)। लोकतंत्र को सुदृढ़ बनाने के लिए जरूरी है कि हर एक मतदाता मतदान के प्रति जागरूक हो।
डीएमआर डिग्री कॉलेज भागूवाला में डायरेक्टर आरके सागर ने यह बात कही। वे मंगलवार को कॉलेज में आयोजित सात दिवसीय एनएसएस कैंप के तीसरे दिन मतदाता जागरूकता कार्यक्रम में बोल रहे थे। आरके सागर ने कहा कि उच्च शिक्षा पा रहा विद्यार्थी वर्ग देश की पूंजी और देश के उज्ज्वल भविष्य की कुंजी है। जहां युवा वर्ग के सही मार्गदर्शन की जरूरत होती है, वहीं उनसे अपेक्षा की जाती है कि वे शिक्षित और जागरुक होकर देश के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को निबाहें और मतदान कर देश के लिए सशक्त और अच्छी सरकार का चयन करें। प्राचार्य चंद्रशेखर की देेेखरेख में आयोजित शिविर में आरके सागर ने विद्यार्थियों को मतदाता जागरूकता की शपथ दिलाई। चंद्रशेखर ने स्वयंसेवकों को गांव-गांव भ्रमण कर ग्रामीणों को मतदान के लिए जागरूक करने का आह्वान किया। स्वयंसेवकों रचना, जूहिका, प्रियंका, उपासना, सायमा, आफरीन, फरहीन, योगेश, अनुराग, राजकुमार, शावेज, हारून, अर्जुन, संजीव आदि ने जन जागरूकता के साथ साथ श्रमदान भी किया।