बिजनौर (ब्यूरो)। शहर से सटे गांव रशीदपुर निवासी चमन की पत्नी कृष्णा (52) को करीब एक सप्ताह पहले बुखार आया था। परिजनों ने उसका इलाज शहर के निजी चिकित्सक से कराया गया। आराम न मिलने पर परिजन उन्हें मेरठ के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां उन्हें डेंगू की पुष्टि हुई। गांव के राहुल (22) और प्रवेश (28) को भी करीब आठ दिन पहले बुखार आया था। दोनों को उपचार बिजनौर के निजी चिकित्सकों से चल रहा है। गांव निवासी संजीव कुमार का कहना है कि गांव में कई दर्जन लोग बुखार से पीड़ित है। मगर, स्वास्थ्य विभाग उनकी कोई सुध लेने को तैयार नहीं है। डीएमओ ब्रजभूषण ने बताया कि बुधवार को ही गांव में टीम भेजकर कैंप लगवाया जाएगा। जरूरत पड़ने पर गांव में कीटनाशक छिड़काव भी कराया जाएगा।