बिजनौर । जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में विधिक सेवा दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में जन जन को विधिक रूप से जागरूक करने का आह्वान किया। अपर जिला जज राजीव शर्मा नेे कहा कि कोई भी गरीब या असहाय व्यक्ति न्याय से वंचित नहीं रहना चाहिए।
जिला जजी स्थिर सभागार में आयोजित कार्यक्रम में अपर जिला जज राजीव शर्मा ने विधि विद्यार्थियों से कहा कि वे कानून की जानकारी प्राप्त कर उसे समाज की सेवा में उपयोग करें। लोगों को सुलभ न्याय दिलाना हमारी पहली प्राथमिकता है। एडीजे मुमताज अली ने कहा कि आम जन को कानून के प्रति जागरूक करने की बहुत आवश्यकता है। कोई भी व्यक्ति न्याय से वंचित नहीं रहना चाहिए। स्थायी लोक अदालत के सदस्य अशोक निर्दोष ने कहा कि स्थायी लोक अदालत आपसी समझौतों के माध्यम से विवादों के निपटारे का सबसे आसान और सुलभ माध्यम है। विवेक कॉलेज की प्रवक्ता संदीप चौहान ने जन जन में कानून के प्रति विश्वास दिलाने की आवश्यकता जताई। कृष्णा कॉलेज के प्रवक्ता एमए खान ने कहा कि जन जन को जागरूक करके ही वंचित वर्ग को न्याय दिलाया जा सकता है। अधिवक्ता राजीव तोमर ने विधिक प्राधिकरण के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। विवेक कॉलेज के छात्र सन और कृष्णा कॉलेज के छात्र अंकित ने विधिक रूप से सभी को साक्षर करने की आवश्यकता पर बल दिया। कार्यक्रम का संचालन पूर्व डीजीसी हरपाल सिंह ने किया। इस अवसर पर स्पेशल जज वेदपाल सिंह, प्राधिकरण सचिव एसीजेएम वीके वासवानी, जज खफीफा राकेश वशिष्ठ, शारिक हुसैन, प्रमोद शर्मा, केडी सिंह, गजेंद्र चौहान और कृष्णा कॉलेज, विवेक कॉलेज के विद्यार्थी, अध्यापक आदि मौजूद रहे।