कांवड़ियों के लिए वन-वे हुआ यातायात
- हाईवे पर सोमवार की सुबह दस बजे तक रहेगा वन वे ट्रैफिक
- शनिवार रात से किया गया वन-वे
अमर उजाला ब्यूरो
अमरोहा।
कांवड़ियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए प्रशासन ने हाईवे को वन-वे कर दिया है। जिसके चलते हाईवे की एक ओर कांवड़िए भोले बाबा के जयकारे लगाते हुए शिवालयों की ओर तेजी से बढ़ रहे हैं। वहीं, अधिकारियों का कहना है कि कांवड़ियों की संख्या बढ़ती है, तो रविवार को देर रात के बाद बड़े और भारी वाहनों की नो एंट्री कर दी जाएगी।
रविवार को नेशनल हाईवे पर मुरादाबाद, बरेली, संभल, चंदौसी, बिलारी, कुंदरकी भूड़, पाकवड़ा आदि क्षेत्रों के कांवड़ियों के जत्थे गुजरे। ब्रजघाट से लेकर मुरादाबाद तक कांवड़ियों के गुजरने से हाईवे पर चहल-पहल देखी गई। प्रशासन ने कांवड़ियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए हाईवे पर वन-वे ट्रैफिक कर दिया है, जो सोमवार की सुबह दस बजे तक रहेगा। इसके अलावा कांवड़ियों की सुरक्षा के लिए चप्पे-चप्पे पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। वहीं, हाईवे के वन-वे हो जाने के वाहन चालकों को दिक्कतों को सामना करना पड़ रहा है।