स्योहारा। गंदे पानी की निकासी न होने से ग्रामीणों में रोष व्याप्त है। ग्रामवासियों ने विरोध प्रदर्शन कर शीघ्र पानी निकासी की व्यवस्था की मांग की है।
ब्लॉक के गांव सदाफल में गंदे पानी की निकासी की कोई व्यवस्था न होने से ग्रामवासियों का जीवन नारकीय बना है। डा. हेमराज सिंह, राजपाल सिंह, भारत सिंह, गजेंद्र सिंह, सोनू, मोनू, टिल्लू सतीश, ओमप्रकाश सिंह, विशाल, मनोज आदि ग्रामवासियों का कहना है कि गांव में विधायक निधि द्वारा एक सीसी रोड का निर्माण किया गया है, इसके गलत बनने के कारण गंदे पानी की निकासी बाधित हो गयी है। ठेकेदार की हठधर्मिता का खामियाजा ग्रामीणों को भुगतना पड़ रहा है। इस रास्ते पर गंदे पानी की निकासी की कोई व्यवस्था न होने से यहां रहने वाले लोगों का जीवन नरक बन गया है। वे गंदे पानी से ही होकर गुजरने को मजबूर हैं। खंड विकास अधिकारी ज्ञान सिंह का कहना है कि मामला उनके संज्ञान में नहीं है।