बढ़ापुर। नगर पंचायत के ईओ सेवाराम राजभर ने पंचायत कर्मियों को साथ लेकर बुधवार की रात कस्बे में पथ प्रकाश और बृहस्पतिवार की सुबह सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान जिन विद्युत पोलों की लाइट बंद मिली, ईओ ने संबंधित कर्मचारी को तत्काल इसे दुरुस्त करने के आदेश दिए। ईओ ने कस्बे के मुख्य चौराहों पर बंद पड़ी मिली हाईमास्क लाइटों को दुरुस्त कराने के लिए पंचायत बोर्ड कमेटी की बैठक में प्रस्ताव रखने की बात कही। ईओ सेवाराम राजभर ने बृहस्पतिवार की सुबह कस्बे की सफाई व्यवस्था का भी जायजा लिया। नालियों के पास घास व गंदगी जमा मिलने पर सफाई नायक को निर्देश दिए। निरीक्षण में ईओ को तीन स्थानों पर पाइप लाइन में लीकेज दिखाई दिए, जिनको संबंधित कर्मचारी बुलाकर ठीक कराया गया। ईओ ने पंचायत के सफाई कर्मचारियों को जल्द ही दस्ताने व मास्क दिए जाने की बात कही।