बढ़ापुर। कस्बे के परिषदीय प्राथमिक विद्यालय में तहसील प्रशासन की ओर से लगाए गए कैम्प में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ पाने से छूटे किसानों के अभिलेख जमा किए गए।
तहसीलदार नगीना ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ पाने से छूटे किसानों की सुविधा के लिए मोहल्ला नौमी स्थित परिषदीय प्राथमिक विद्यालय में दो दिवसीय कैम्प के पहले दिन किसानों से संबंधित अभिलेख जमा कर योजना का लाभ उठाने की बात कही है। बृहस्पतिवार को राजस्व निरीक्षक ब्रह्मपाल सिंह के साथ लेखपाल कमल कुमार शर्मा, रजनीश कुमार, तेजपाल सिंह, प्रमोद कुमार, विनीत कुमार, वीरेंद्र प्रकाश सिंह व धर्मेंद्र कुमार ने किसानों से संबंधित अभिलेखों का मिलान किया।
-------
ई-रिक्शा यूनियन की बैठक
बढ़ापुर। स्थानीय ई-रिक्शा चालकों ने अपनी यूनियन गठित कर नौशाद सिद्दीकी को ई-रिक्शा चालक यूनियन का अध्यक्ष चुना। ई-रिक्शा चालकों ने कोतवाल को मांग-पत्र देकर ग्रामीण रिक्शा चालकों के अपना रूट छोड़कर कस्बे में रिक्शा संचालन करने से रोकने की मांग की। स्थानीय रिक्शा स्टैंड पर हुई ई-रिक्शा चालकों की बैठक में कस्बे के मुख्य मार्ग की खस्ता हालत व ग्रामीण रिक्शा चालकों द्वारा अपना निर्धारित रूट छोड़कर कस्बे में रिक्शा संचालन करने पर चिंता जताई। बाद में थाना प्रभारी निरीक्षक कृपा शंकर सक्सेना को मांगपत्र देकर ग्रामीण रिक्शा चालकों द्वारा कस्बे में रिक्शा चलाने पर पूर्णत: पाबंदी लगाने की मांग की। इकबाल अंसारी, बहादुर कश्यप, विशाल अहमद, कमरुद्दीन, हबीब, हरपाल, बलवंत सिंह व लाल बहादुर आदि रहें।