विद्यार्थी को अनिवार्य रूप से लगाना होगा एक पौधा
बिजनौर। जिले के माध्यमिक कॉलेजों में अब शिक्षकों एवं छात्र छात्राओं की उपस्थिति बायोमैट्रिक मशीन के माध्यम से ली जाएगी। साथ ही जिले के सभी कॉलेजों में 30 जून से पूर्व स्वच्छता संबंधी कार्य पूरे करने के निर्देश जिले के प्रधानाचार्यों को दिए गए हैं। शैक्षिक कैलेंडर के अनुसार ही शिक्षण कार्य कराने को कहा गया है। स्कूल कॉलेजों में एक से 15 जुलाई तक पौधारोपण पखवाड़ा चलाया जाएगा।
मंगलवार को जिले के प्रधानाचार्यों व शिक्षा विभाग के अफसरों की बैठक बिजनौर इंटर कॉलेज बिजनौर में सीडीओ प्रवीण मिश्र की अध्यक्षता में हुई। सीडीओं ने जिले के सभी प्रधानाचार्यों को कॉलेजों के स्वच्छता अभियान संबंधी कार्य 30 जून से पूर्व करने के निर्देश दिए हैं। जिसमें शौचालयों, कक्षा कक्षों, लैब की साफ सफाई पर विशेष ध्यान देने को कहा गया है। स्कूल कॉलेजों में शिक्षकों और छात्र-छात्राओं की उपस्थिति बायोमैट्रिक मशीन के माध्यम से ली जाएगी। महापुरुषों की जयंती होने पर एक दिन पूर्व उनके बारे में बच्चों को विस्तार से जानकारी दी जाएगी। सीडीओ ने कहा कि वर्ष में कम से कम दो बार अभिभावकों की बैठक आयोजित की जाए। स्कूलों के सीसीटीवी कैमरों पर विशेष ध्यान देने को कहा गया है। पौधारोपण करने, स्कूलों में फर्जी एडमिशन न किए जाएं।
कहा कि छात्र-छात्राएं विद्यालय में ही निर्धारित यूनिफार्म पहनकर आएं, उसके अलावा नहीं। छात्र-छात्राओं को इसके प्रति प्रेरित किया जाए। डीआईओएस ने कक्षा नौ और 11 के विद्यार्थियों के आधार नंबर उपलब्ध कराने को कहा है। कन्या सुमंगला योजना का मुख्य उद्देश्य कन्या भ्रूण हत्या को समाप्त करना, समान लैंगिक अनुपात स्थापित करना, बाल विवाह की कुप्रथा को रोकना, बालिकाओं के स्वास्थ्य व शिक्षा को प्रोत्साहन देना, बालिकाओं को स्वावलंबी बनाने मे सहायता प्रदान करना है। स्कूलों में एक से 15 जुलाई पौधरोपण पखवाड़ा मनाया जाएगा। प्रत्येक छात्र-छात्राओं से अनिवार्य रूप से पौधरोपण कराया जाए, यदि विद्यालय में स्थान की कमी है, तो उन्हें अपने घर पर अथवा घर के आसपास अनिवार्य रूप से पौधे लगाने के लिए प्रेरित किया जाए। बच्चों को ट्रैफिक नियमों में पारंगत किया जाए। स्कूलों में अग्निशमन यंत्र अवश्य रूप से रखे जाएं। शिक्षकों के पेंशन प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण करने को कहा गया है। क्षेत्राधिकारी/नोडल अधिकारी, स्टूडेंट पुलिस कैडेट (एसपीसी), बिजनौर के द्वारा अवगत कराया गया कि शासन द्वारा स्टूडेंट पुलिस कैडेट (एसपीसी) की जनपदीय समिति का गठन किया गया है, जो छात्रों की गतिविधियों पर नजर रखेगी। बैठक में जिला समाज कल्याण अधिकारी, प्रोबेशन अधिकारी, प्रधानाचार्य डॉ. निर्मला शर्मा, निशांत यादव, डॉ. आफताब अहमद सहित जिले के तमाम प्रधानाचार्य मौजूद रहे।
मिड डे मील पर रहेगी अफसरों की नजर
स्कूलों में चल रही मध्याह्न भोजन योजना पर भी जिले के अफसरों की नजर रहेगी। जिले के सभी प्रधानाचार्यों को निर्देश दिए गए हैं कि मध्याह्न भोजन गुणवत्ता में कोई समझौता न हो। कक्षा छह से आठ तक के बच्चों को दिए जा रहे भोजन पर कॉलेज के प्रधानाचार्य विशेष नजर रखें। भोजन में गड़बड़ी होने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। भोजन मेन्यू के अनुसार ही बच्चों को उपलब्ध कराया जाए।