सुबह सात बजे वार्डों के निरीक्षण पर निकल गए डीएम
बिजनौर। डीएम सुजीत कुमार ने मंगलवार सुबह करीब सात बजे नगर के कई वार्डों का भ्रमण किया। उन्होंने नगर पालिका के ईओ नालों की साफ सफाई कराने और नालों पर किए गए अतिक्रमण को हटवाने के निर्देश दिए। उन्होंने बरसात से पूर्व सभी कार्य पूरे करने को कहा है ताकि नगर की गलियों में बरसात का पानी जमा न हो। डीएम ने सफाई व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने व गंदगी व पानी जमा न होने के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं। वार्ड एक व दो की नालियां गंदगी से भरी पाई गईं। जिस पर डीएम ने नाराजगी जताई।
डीएम ने नगर की के वार्ड संख्या एक से लेकर तीन का सुबह सात बजे निरीक्षण किया। इस दौरान डीएम ने नगर पालिका परिषद के ईओ को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने बरसात के पानी से होने वाली परेशानी से बचाव के लिए नालों की साफ सफाई करने को कहा। कहा कि स्वच्छता का सीधा संबंध स्वास्थ्य से होता है, जहां सफाई होगी, वहां संक्रामक बीमारियां पैदा होने का खतरा नहीं होता। उन्होंने बताया कि वार्डों के निरीक्षण का उद्देश्य शहर में सफाई व्यवस्था को मजबूत और गतिशील बनाए रखने तथा मोहल्लों में नालों पर जन सामान्य द्वारा किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाने के लिए किया गया है। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि सफाई एवं स्वच्छता के कार्य में जिला प्रशासन का सहयोग करें। सामूहिक भागीदारी के साथ अपने घर, गली तथा मोहल्लों को स्वयं साफ रखने का प्रयास करें और अन्य लोगों को स्वच्छता के प्रति प्रेरित करें।