किसान जागृति मंच ने रिंग रोड ठीक करने की उठाई मांग
बिजनौर। किसान जागृति मंच के जिला संयोजक चौधरी शूरवीर सिंह के नेतृत्व में किसानों ने डीएम को मांग पत्र सौंप कर नगर के चारों ओर रिंग रोड का चौड़ीकरण कराने तथा डेढ़ किलोमीटर के कच्चे मार्ग को पक्का कराने की मांग की है। मंगलवार को किसान जागृति मंच के जिला संयोजक चौधरी शूरवीर सिंह ने डीएम सुजीत कुमार को दिए मांग पत्र में कहा है कि नगर के चारो ओर रिंग रोड है। जो बैराज कॉलोनी से लेकर नूरपुर रोड तक पक्की व चौडी है। पर बैराज कॉलोनी के दूसरी ओर मोहल्ला काजीपाड़ा से होते हुए जलालपुर मार्ग तक सड़क संकरी है तथा बीच में डेढ़ किलोमीटर का कच्चा मार्ग है। इस पर आने जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। पत्र में इस मार्ग का चौड़ीकरण कराने तथा कच्चे मार्ग को पक्का कराने की मांग की गई है। कहा कि बिजनौर, फतेपुर व उलेढ़ा मार्ग का चौड़ीकरण कर ओडीआर योजना से जोड़ा जाए। इस मार्ग के दोनों ओर 25 हजार से अधिक पौधे लगाए जा सकते हैं। किसानों के हितों को देखते हुए शीघ्र ही मंडी स्थल चिह्नित कर मंडी का निर्माण कराया जाए। जिले के तालाबों में जल संरक्षण के लिए नहरों से जोड़ा जाए। तालाबों के चारो ओर पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण भी होगा। इस मौके पर चौधरी निरंकार सिंह, आकिल अहमद, सूरज भान सिंह आदि मौजूद रहे।