ब्याज सहित मांगा बकाया गन्ना भुगतान
बिजनौर। राष्ट्रीय किसान मजदूर सभा की मासिक बैठक में किसानों की समस्याओं पर चर्चा की गई। समस्याओं के समाधान के लिए 15 जुलाई को जिला मुख्यालय पर धरना देने की रणनीति बनाई गई।
गन्ना समिति कार्यालय पर हुई बैठक में प्रदेश महासचिव कैलाश लांबा ने कहा कि किसानों को अभी तक गन्ना भुगतान नहीं किया गया है। हाईकोर्ट ने किसानों के बकाया भुगतान को ब्याज सहित दिलाने के आदेश दिए हैं। लेकिन फिर भी प्रशासन किसानों को ब्याज का भुगतान दिलाने के लिए कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है। राज्य सरकार की ऋण माफी योजना में कई किसानों के पात्र होने के बाद भी उनके खातों में माफी की राशि नहीं पहुंची है। कहा कि अफजलगढ़ के गांव मकसूदाबाद में किसानों के खेत खाली होने तक चकबंदी नहीं होनी चाहिए। बैठक में 14 जुलाई तक किसानों के खातों में ब्याज सहित बकाया भुगतान भिजवाने, घरेलू और ट्यूबवेल के गलत आ रहे बिजली बिलों को ठीक कराने, किसानों की आरसी कटने पर रोक लगाने तथा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ सभी पात्र किसानों को दिलाने की मांग की गई। जिलाध्यक्ष विनोद कुमार ने कहा कि किसानों का शोषण बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बैठक की अध्यक्षता सुरेशपाल सिंह ने की। इस दौरान हरि सिंह चौहान, उमेंद्र राठी, ओमपाल सिंह, नरेश ठाकुर, अचल शर्मा, पुखराज सिंह, मलखान सिंह आदि किसान मौजूद रहे।