मानसूनी वर्षा की दस्तक, जलभराव की स्थिति से सहमे नागरिक
नजीबाबाद। मानसूनी वर्षा की दस्तक होते ही नागरिकों को जलभराव की चिंता सता रही है। मुगलूशाह, मकबरा, हवेलीतला सहित नगर के अनेक भागों में दर्जनों संपर्क मार्ग और मकान जलमग्न हो जाते हैं।
नगरपालिका परिषद और जिला पंचायत के ठेकेदारों की उदासीनता से आधे से अधिक नगर की जल निकासी आदर्शनगर, लॉयंस कम्युनिटी हॉल क्षेत्र के संकरे नालों से प्रभावित है। नगरपालिका परिषद द्वारा नगर की जल निकासी के लिए ठोस योजना न बनाने से आधे से अधिक शहर का पानी मोहल्ला मुगलूशाह और मकबरा क्षेत्र से होकर गुजरता है। 10 से 15 मिनट की तेज वर्षा से संपर्क मार्ग और दर्जनों मकान जलमग्न हो जाते हैं। अनेक नागरिकों के घरेलु सामान अनाज आदि पानी में समा जाता है। हवेलीतला, मुनीरगंज, तहसील कॉलोनी, पालोमल कॉलोनी सहित कई क्षेत्रों में वर्षा के पानी का दवाब होने से नागरिक कई-कई दिन तक परेशान रहते हैं।
नगरपालिका परिषद जल निकासी के नाम पर प्रमुख नालों की तलछट सफाई अभियान चलाती है। मुगलूशाह से आदर्शनगर तक नालों के संकरे होने, उसमें थर्माकोल, पॉलिथीन आदि से नालों की पानी निकासी प्रभावित होने से जलभराव की स्थिति बरसात के मौसम में गंभीर हो जाती है।
मुगलूशाह निवासी लोहा व्यापारी इरशाद लोहिया, कारोबारी सरफराज अहमद, वकील अहमद, तहसील कॉलोनी निवासी लतीफ अहमद का कहना है कि दो दशक से अधिक समय से मानसूनी वर्षा शुरू होते ही मुगलूशाह, मकबरा, तहसील कॉलोनी, हवेलीतला के निवासी जलभराव से परेशान रहते हैं। संपर्क मार्गों के आसपास दुकानों और मकानों में पानी घुसने से हजारों का नुकसान होता है, कई घरों में कई-कई दिन खाना नहीं बन पाता।
भूमिगत पाइप लाइन तकनीकी कारणों से रुकी
नजीबाबाद। चेयरपर्सन सबिया निशात ने बताया कि नगर की जल निकासी के लिए करीब दो वर्ष पूर्व मुगलूशाह से मालन नदी तक सीवर लाइन पाइप डालने की योजना अमल में लाई गई थी। तकनीकी कारणों से योजना पूरी नहीं हो सकी। चेयरपर्सन और ईओ डॉ. देवेंद्र कुमार ने मुगलूशाह-मकबरा क्षेत्र के वर्षा के पानी के दबाव को कम करने के लिए सर्वे कराने की जानकारी दी।
समस्या के निदान के लिए बैठक बुलाएंगे एसडीएम
नजीबाबाद। एसडीएम उमेश कुमार मिश्र ने कहा कि नगर के कई क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति से नागरिकों को मुक्ति दिलाने के लिए नगरपालिका के अधिकारियों और चेयरपर्सन की बैठक बुलाकर समस्या के निदान के लिए ठोस योजना तैयार कराने का आश्वासन दिया।
अतिक्रमण से बढ़ा जलभराव संकट
नजीबाबाद। नगर के आधे से अधिक भाग की वर्षा जल निकासी ग्राम पंचायत धनौरा क्षेत्र से होकर गुजरती है। इस क्षेत्र में जिला पंचायत के ठेकेदारों द्वारा क्षेत्रीय नागरिकों से हमसाज होकर संकरे नाले बनाने और उसके आसपास क्षेत्रवासियों द्वारा अतिक्रमण करने से नगर में जलभराव की समस्या जटिल हुई है।