विद्युत लाइन को लेकर ग्रामीणों ने किया हंगामा
मंडावली। उच्च क्षमता की विद्युत लाइन हटाकर अन्य स्थान पर लगाने को लेकर ग्रामीणों ने हंगामा किया। ग्रामीणों को आरोप है कि विद्युत कर्मचारी कॉलोनाइजर से हमसाज होकर उच्च क्षमता की लाइन बिना स्टीमेट के दूसरे स्थान पर शिफ्ट करने में लगे हैं।
मंडावली क्षेत्र के गांव मिर्जापुर सैद उर्फ भुड्डी के ग्रामीणों ने उच्च क्षमता की विद्युत लाइन दूसरी जगह शिफ्ट करने को लेकर हंगामा किया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि मंडावली में तीन माह पूर्व मकान निर्माण के दौरान ऊपर से गुजर रही उच्च क्षमता की विद्युत लाइन की चपेट में आकर एक मजदूर की मौत हो गई थी। ग्रामीणों की मांग पर उच्च क्षमता की लाइन को मकान के ऊपर से नहीं हटाया गया। वहीं भुड्डी से गुजर रही उच्च क्षमता की लाइन को कॉलोनाइजर से हमसाज होकर विद्युत कर्मचारी दूसरी जगह शिफ्ट कर रहे हैं। ग्रामीणों मजाहिद, इसरार, साबुद्दीन, जाकिर, तसलीम, अनीस, बाबू, सुभान, मुकीम आदि का कहना है कि विद्युत लाइन की जद में उनके मकान आने से उनके लिए हाईटेंशन लाइन खतरा बन सकती है। ग्रामीणों ने विद्युत उच्चाधिकारियों से जांच कराकर कार्रवाई की मांग की है। उधर एसडीओ राकेश कुमार का कहना है कि मामला उनके संज्ञान में नहीं है। हाईटेंशन लाइन को बिना स्टीमेट के शिफ्ट नहीं किया जा सकता है। वे मामले की जांच कराकर आवश्यक कार्रवाई करेंगे।