बिजनौर। नगर ब्राह्मण महासभा के अध्यक्ष अशोक कुमार शर्मा के नेतृत्व में समाज के लोग कलक्ट्रेट पर एकत्रित हुए और राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन अपर जिलाधिकारी प्रशासन विनोद कुमार गौड़ को सौंपा। बताया कि अलीगढ़ के ग्राम टप्पल में ढाई साल की मासूम की नृशंस हत्या ने संपूर्ण मानव समाज को झकझोर कर दिया है। इसकी नगर ब्राह्मण महासभा कड़े शब्दों में निंदा करती है। अभी तक हत्यारों को फांसी पर नहीं लटकाया गया है। यदि इसमें विलंब किया गया तो ब्राह्मण समाज सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेगा। ज्ञापन में मासूम के हत्यारों को अविलंब फांसी की सजा दिलाने, पीड़ित परिवार को समुचित सुरक्षा प्रदान कराने, उचित मुआवजा दिलाने आदि की मांग की। ज्ञापन देने वालों में पंडित विनोद, पंडित शरद शर्मा, पवन कुमार शर्मा, गजेंद्र कुमार शर्मा, नरेंद्र दत्त शर्मा, सचिन शर्मा, आमोक दीक्षित आदि शामिल रहे।