81 मेगावाट बिजली का उत्पादन कालागढ़ पावर हाउस से शुरू
कालागढ़। यूपी के मैदानी क्षेत्र में सिंचाई के लिए रामगंगा बांध से पानी की निकासी होने पर रामगंगा पावर हाउस से 81 मेगावाट पावर बिजली का उत्पादन शुरू कर दिया गया है। कालागढ़ के जलविद्युत उत्पादन निगम के महाप्रबंधक दिग्विजय सिंह के अनुसार अग्रिम आदेशों तक बिजली का उत्पादन जारी रहेगा।
उत्तर प्रदेश के मैदानी इलाकों में सिंचाई की आवश्यकता की मांग होने पर रामगंगा बांध से 4000-4500 क्यूसेक पानी की निकासी रामगंगा जलविद्युत गृह के माध्यम से की जा रही है। बिजली विभाग ने पानी से बिजली का उत्पादन शुरू कर दिया है। कालागढ़ के जलविद्युत निगम के महाप्रबंधक दिग्विजय सिंह का कहना है कि बांध से पानी मिलने पर शनिवार को पावर हाउस से 81 मेगावाट आवर बिजली का उत्पादन किया जा रहा है। देहरादून नियंत्रण के आदेशों पर बिजली कालागढ़ से ही सीधे उत्तरी ग्रिड को दी जा रही है। यह उत्पादन जब तक सिंचाई की मांग है तब तक या फिर अग्रिम आदेशों तक जारी रहेगा।