भाकियू ने दिया बैंक गेट पर धरना
कोतवाली देहात। पंजाब नेशनल बैंक अकबराबाद के शाखा प्रबंधक पर किसानों से अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए भाकियू कार्यकर्ता बैंक गेट पर धरना देकर बैठ गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर किसानों को शांत करने का काफी प्रयास किया, लेकिन किसान प्रबंधक से माफी मंगवाने की बात पर अड़ रहे। करीब दो घंटे बाद शाखा प्रबंधक किसानों के बीच पहुंचे और माफी मांगी। इसके बाद किसानों ने धरना समाप्त कर दिया।
अकबराबाद क्षेत्र के किसान राजू, बलजीत सिंह, रामभजन सिंह, अंकित सिंह, अब्दुल गफ्फार शुक्रवार को पंजाब नेशनल बैंक में रुपये का लेनदेन करने के लिए गए थे। आरोप है कि इसी बीच किसी बात को लेकर शाखा प्रबंधक धीरेंद्र प्रताप सिंह ने किसान यूनियन कार्यकर्ताओं से अभद्र व्यवहार किया। इससे क्षुब्ध होकर यूनियन कार्यकर्ता बैंक गेट पर दरी बिछाकर धरने पर बैठ गए। सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक ओमप्रकाश सिंह, दरोगा रामेश्वर सिंह भारी पुलिसबल के साथ मौके पर पहुंचे और किसानों को समझाने का काफी प्रयास किया। मगर, किसान शाखा प्रबंधक से माफी मंगवाने की बात पर अड़े रहे। दोपहर एक बजे शाखा प्रबंधक धीरेंद्र प्रताप सिंह धरना स्थल पर पहुंचे और माफी मांगते हुए भविष्य में गलती की पुनरावृत्ति नहीं करने का भरोसा दिया। इसके बाद किसानों ने धरना समाप्त कर दिया।
इस दौरान ब्लॉक अध्यक्ष चौधरी समरपाल सिंह, चौधरी सुरपाल सिंह, नितिन सिरोही, आलोक चौहान, दीपेश राठी, नगीना तहसील प्रभारी वीर सिंह डबास, बढ़ापुर ब्लॉक प्रभारी धर्मवीर सिंह, बलजीत सिंह, अब्दुल गफ्फार, रामभजन सिंह, अंकित कुमार, अहसानुद्दीन आदि किसान मौजूद रहे।