अमरोहा। शुक्रवार को सुबह शुरू हुई बारिश कई घंटों तक होती रही। इसकी वजह से कुछ देर के लिए तो जनजीवन ठहर गया। इसके चलते जिला अस्पताल सहित सीएचसी की ओपीडी पर अन्य दिनों के मुकाबले मरीजों की संख्या में कमी दर्ज की गई। पिछले कई दिनों से जिला अस्पताल की ओपीडी पर हर दिन मरीजों की संख्या हजार को पार कर रही है वहीं सीएचसी पर भी मरीजों की संख्या 500 से 600 तक पहुंच रही है। बरसात के मौसम में संक्रामक, मौसमी, जलजनित और मच्छरजनित रोगों की भरमार है। यही वजह है कि अस्पतालों में हर दिन सैकड़ों की तादाद में नए मरीज इलाज कराने पहुंच रहे हैं। इसमें वायरल, डायरिया, एलर्जी, उल्टी-दस्त और टाइफाइड के मरीज ज्यादा हैं। शुक्रवार को घंटों तक हुई बारिश के कारण जिला अस्पताल और सीएचसी पर मरीजों की संख्या कम रही। जिला अस्पताल की ओपीडी पर शुक्रवार को केवल 489 जबकि सीएचसी पर इससे भी कम लोग इलाज की उम्मीद लेकर पहुंचे थे।