मोरना (मुजफ्फरनगर)। बृहस्पतिवार शाम गंगा में डूबे दो युवकों की तलाश में जुटी पीएसी 44वीं वाहिनी की फ्लड टीम ने शुक्रवार सुबह एक युवक का शव गहरे पानी से खोज निकाला। वहीं, दूसरे युवक की तलाश में अभियान अभी भी जारी है।
भोकरहेड़ी निवासी डॉ. मुकेश ने बृहस्पतिवार को शुक्रताल स्थित गंगा घाट के पास दो युवकों के नहाते समय डूब जाने की सूचना थाना पुलिस को दी थी। अफसरों ने पीएसी 44वीं वाहिनी की गोताखोर टीम को बुलाकर शाम से ही डूबे युवकों की तलाश शुरू कर दी थी। शुक्रवार दोपहर गंगा में डूबे एक युवक का शव बाहर निकाल लिया गया, जिसकी शिनाख्त दीपू (24) पुत्र रामकिशन निवासी गांव मीरापुर, थाना मंडावर जनपद बिजनौर के रूप में हुई। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने बताया कि वे शुक्रताल खादर क्षेत्र में ईंख बंधाई का काम कर रहे हैं और अन्य लोगों के साथ ही शिवधाम कॉलोनी में रहते हैं। परिजनों के अनुसार, बृहस्पतिवार को दीपू, भाई दीपक, नेपाल व गुड्डू पुत्र जयपाल के साथ ईंख बंधाई के लिए गए थे। इनमें से दीपू व गुड्डू देर रात तक घर नहीं लौटे थे, जबकि घर लौटे अन्य युवक नशे में थे, जिन्होंने नशे की हालत में दीपू व गुड्डू के गंगा में नहाने की जानकारी दी थी। शुक्रवार को दीपू की गंगा से लाश मिल जाने के बाद गुड्डू के भी गंगा में ही समा जाने की आशंका जताई जा रही है। इसके चलते शुक्रवार को भी गंगा में पीएसी की गोताखार टीम द्वारा दूसरे युवक की तलाश में सर्च अभियान जारी रहा।
विवाहिता को मारपीट कर जिंदा जलाने की कोशिश
शाहपुर। क्षेत्र के गांव पलडी निवासी जाहिद ने तहरीर देकर बताया कि उसकी बहन सोना की शादी करीब दो साल पूर्व गांव बसीकलां के मोहल्ला मकसूदाबाद निवासी युवक से हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही अतिरिक्त दहेज में कार व दो लाख की मांग को लेकर विवाहिता का उत्पीड़न शुरू कर दिया गया। आरोप लगाया कि कुछ समय पूर्व लोगों ने उनके बीच समझौता करा दिया था, लेकिन शुक्रवार को आरोपियों ने एक बार फिर विवाहिता के साथ मारपीट कर उसे जिंदा जलाने का प्रयास किया। पीड़ित ने कार्रवाई की गुहार लगाई है।