नजीबाबाद केंद्र के प्रसारणों में व्यापक फेरबदल
नजीबाबाद (बिजनौर) । आकाशवाणी महानिदेशालय ने नजीबाबाद केंद्र को उर्दू खबरों के प्रसारण सहित कार्यक्रमों में व्यापक फेरबदल की स्वीकृति दे दी है। केंद्र ने प्रसारण क्षेत्र मेरठ, सहारनपुर, हापुड़ सहित सात जिलों के श्रोताओं के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य और मनोरंजन के कार्यक्रम तत्काल प्रभाव से शुरू कर दिए हैं।
आकाशवाणी का नजीबाबाद केंद्र सुबह 8:50 बजे और रात्रि 9:16 बजे 15-15 मिनट के उर्दू में खबरें रिले करेगा। दिल्ली से प्रसारित होने वाली इन खबरों को प्रसारित करने की आकाशवाणी महानिदेशालय ने केंद्र को स्वीकृति दे दी है। केंद्र की कार्यक्रम प्रमुख मंदीप कौर चड्ढा ने बताया कि लखनऊ केंद्र से दिन में 1:10 बजे उर्दू में प्रसारित इलाकाई खबरों का प्रसारण पूर्ववत जारी रहेगा। कार्यक्रम प्रमुख ने बताया कि इंफोंटमेंट पर आधारित कार्यक्रम सूरज के साथ-साथ रोजाना प्रात: 7:30 बजे से प्रसारित होगा। प्रात: क ालीन सभा में प्रात: 6:40 बजे काव्यधारा, प्रात: 8:30 बजे लोक संगीत का कार्यक्रम धरती गाती है, श्रोताओं की शब्दावली और फरमाइश पर फिल्मी गीतों का कार्यक्रम गुलदस्ता रोजाना दिन में 2:30 बजे, फर्माइशी फिल्मी गीतों का एक घंटा अवधि का कार्यक्रम गीत तुम्हारे प्रात:10 बजे, श्रोताओं के पत्रोत्तर का कार्यक्रम आपका पत्र मिला प्रत्येक रविवार को दिन में 12:10 बजे प्रसारित होगा। कार्यक्रम प्रमुख मंदीप कौर के अनुसार माह के पहले सोमवार रात10 बजे साहित्यिकी, दूसरे सोमवार को क्षेत्रीय गतिविधियों पर आधारित पत्रिका पश्चिम, तीसरे सोमवार को खेल के मैदान से, चौथे सोमवार को विज्ञान पत्रिका और पांचवें सोमवार को रात दस बजे शास्त्रीय संगीत प्रसारित होगा।
यह है नजीबाबाद का प्रसारण क्षेत्र
नजीबाबाद। नजीबाबाद केंद्र के प्रसारण क्षेत्र में बिजनौर के अलावा जिन नए मैदानी जनपदों को शामिल किया गया है। उनमें मेरठ, बुलंदशहर, सहारनपुर, हापुड़, बागपत, मुजफ्फरनगर और शामली शामिल हैं। इन जनपदों के साहित्यकार, कहानीकार एवं लोक संगीत से जुड़े कलाकारों को नजीबाबाद केेंद्र ने बुक करना शुरू कर दिया है।