बिजनौर। जिला अस्पताल के मेडिकल कॉलेज में विस्तार होने की आस जगी है। केंद्रीय स्वास्थ्य जेपी नड्डा ने इस बात के संकेत दिए हैं। जिले में मेडिकल कॉलेज बनवाने के लिए बिजनौर के सांसद भारतेंद्र सिंह दो दिन पहले मंत्री से मिले थे। जिला अस्पताल को अगर मेडिकल कॉलेज के रूप में विकसित किया गया तो गांव स्वाहेड़ी के पास सपा सरकार में मंजूर हुए मेडिकल कॉलेज को बट्टा लग जाएगा। ये ही वजह है कि मेडिकल कॉलेज के लिए अभी तक एक पैसा भी मंजूर नहीं हुआ है।
सपा सरकार के दौरान गांव स्वाहेड़ी के पास गांव मधुसूदनपुर देवीदास में मेडिकल कॉलेज मंजूर हुआ था। तत्कालीन मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने लखनऊ में बैठकर इसका उद्घाटन भी कर दिया था। इस मेडिकल कॉलेज के लिए आज तक एक भी पैसा मंजूर नहीं हुआ । बस कागजों में ही यह मेडिकल कॉलेज बनाया जा रहा हैं। बजट आने से एक दिन पूर्व भाजपा सांसद भारतेंद्र सिंह दिल्ली में स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा से मिले थे। मंत्री ने सांसद को बताया कि मेडिकल कॉलेज के लिए जिला अस्पतालों को सरकार अपडेट करेगी। चिकित्सा विभाग के 18 हेड इन अस्पतालों में आ जाएंगे। सांसद ने कहा कि सरकार ने तीन तीन सांसदों के क्षेत्र में एक मेडिकल कॉलेज बनान तय किया हैं। बिजनौर में भी जिला अस्पताल के अपडेट होने की आस जगी हैं।
सांसद के मुताबिक सपा सरकार में मंजूर हुए मेडिकल कॉलेज को बनवाने के लिए वह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व सूबे के स्वास्थ्य मंत्री आशुतोष टंडन से भी मिले थे। स्वास्थ्य मंत्री ने उन्हें बताया किे बिजनौर में मेडिकल कॉलेज बनाने की खोखली घोषणा हुई है। सरकार के पास जब मेडिकल कॉलेज बनाने के लिए पैसा नहीं तो कैसे मेडिकल कॉलेज बनेगा। मंत्री ने उसने कहा था कि अल्पसंख्यक विभाग में पैसा है वहां से मेडिकल कॉलेज के लिए पैसा मंजूर करा लिया जाए। अब वह फिर से मेडिकल कॉलेज के लिए लगेंगे। वह चाहेंगे कि गांव स्वाहेड़ी के पास भी मेडिकल कॉलेज बन जाए और जिला अस्पताल भी अपडेट हो जाए। दोनों जगह का जिले के लोगों को लाभ मिल सके। इस काम में वह जुटे हैं।