बिजनौर। बीआईटी के छात्रों ने ताइक्वांडो चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए चार स्वर्ण पदक जीतकर नाम चमकाया है। जिला ताइक्वांडो एसोसिएशन के सचिव अंकुर चौधरी के अनुसार प्रतियोगिता चौधरी चरण सिंह यूनिवर्सिटी मेरठ के कैंपस में आयोजित हुई थी। इसमें बीआईटी के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में 54 किलोग्राम भारवर्ग में हर्ष कुमार, 58 किलोग्राम भारवर्ग में उज्ज्वल कुमार, 63 किलोग्राम भारवर्ग में मोहम्मद उस्मान, 68 किलोग्राम भारवर्ग में राहुल कुमार ने स्वर्ण पदक जीता है। ये सभी विजेता खिलाड़ी 16 से 18 फरवरी को अमृतसर की गुरुनानक देव यूनिवर्सिटी में प्रतिभाग करेंगे। जिला ताइक्वांडो एसोसिएशन अध्यक्ष बीएस राजपूत ने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।