70 में पांच शिकायतों का मौके पर निस्तारण
धामपुर (बिजनौर)। डीएम जगतराज त्रिपाठी की अध्यक्षता में संपन्न हुए संपूर्ण समाधान दिवस कार्यक्रम में दर्ज 70 शिकायतों में से अधिकारियों ने केवल पांच शिकायतों को निदान किया। डीएम ने इस मौके पर कार्यक्रम में जरूरतमंदों को सर्दी से बचाव के लिए कंबल बांटे । नगीना में कमिश्नर के तहसील दिवस में आने के कारण वह यहां पर कार्यक्रम को बीच में ही छोड़ कर नगीना के लिए चले गए।
मंगलवार को तहसील के सभाकक्ष में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस कार्यक्रम में मोहल्ला बाड़वान के हीरा सिंह पुत्र लल्लू सिंह ने शेरकोट में हाईवे किनारे जैन फीलिंग स्टेशन के पास गांव रामसहायवाला निवासी डा. हरिराज पर सिंचाई विभाग और ग्राम समाज की जमीन पर कब्जा करने का आरोप लगाते हुए कब्जा मुक्त कराने की मांग की। कई बार शिकायतें होने के बाद भी सरकारी जमीन अभी तक प्रशासन की ओर से कब्जा मुक्त नहीं कराई जा सकी है। गांव नाथाडोई के ग्रामीणों ने गांव में स्थित देव स्थल की जमीन पर हुए कब्जे को मुक्त कराने की मांग की है। आरोप है कि इस जमीन पर गांव के कुछ लोगों से कब्जा कर रखा है। लोगों की दर्ज शिकायतों को सुनने के बाद डीएम जगतराज त्रिपाठी और एसपी प्रभाकर चौधरी ने कंबलों का वितरण किया । इसके बाद दोनों अधिकारी कार्यक्रम को बीच में छोड़ कर नगीना के लिए रवाना हो गए। कार्यक्रम में जिला स्तर के अधिकांश अधिकारी मौजूद रहे।
डीएम के सामने दहाड़ मार कर रोया व्यक्ति
धामपुर। किरतपुर थाने के गांव शाहपुर रतन निवासी मोहम्मद मोनीष अपनी पत्नी के साथ धामपुर समाधान दिवस कार्यक्रम में पहुंच कर डीएम और एसपी के सामने दोनों दहाड़ मार कर रोए। दोनों का कहना है कि उनका भाई पुलिस में काम कराने के नाम पर लोगों से पैसे ठगता है। आरोप है कि जब उससे ऐसा करने से मना किया तो किरतपुर पुलिस ने उसे बंद कर दिया पैसे लेकर छोड़ा। आरोप है कि दो दिन पहले आरोपी भाई ने उसके घर में घुस कर मारपीट की और शिकायत करने गए तो पुलिस ने उनकी नहीं सुनी।