नजीबाबाद। सेतु निगम डबल फाटक फ्लाईओवर से सुरक्षित आवागमन के लिए बिहारी तिराहा क्षेत्र में डिवाइडर व्यवस्था लागू करेगा। कोटद्वार से आने वाला हरिद्वार और कोतवाली का ट्रैफिक डबल फाटक फ्लाईओवर के दोनों ओर से फ्लाईओवर के नीचे से गुजरेगा।
डबल फाटक फ्लाईओवर से सेेतु निगम ने आवागमन शुरू कराने के बाद बिहारी तिराहा क्षेत्र से काली बजरी डालने और डिवाइडर लगाने का काम 10 दिन के भीतर पूरा करने का लक्ष्य बनाया है। सेतु निगम के डिप्टी प्रोजेक्ट मैनेजर मनोज अग्रवाल, एई आरडीएस गुर्जर ने बताया कि फ्लाईओवर से लंबी दूरी का यातायात सुचारु और सुरक्षित रखने के लिए सेतु निगम ने बिहारी तिराहा क्षेत्र में डिवाइडर लगाने का निर्णय लिया है। तैयार डिवाइडर एक सप्ताह के भीतर फ्लाईओवर मार्ग पर रखे जाएंगे। साथ ही इस क्षेत्र में हॉट मिक्स प्लांट से बजरी बिछाने का काम भी एक दिन ट्रैफिक रोक कर पूरा किया जाएगा। उन्होंने बताया कि कोतवाली दिशा से कोटद्वार जाने वाला ट्रैफिक फ्लाईओवर के ऊपर से पुकार सिनेमा दिशा में जाएगा जबकि कोटद्वार दिशा से आने वाला ट्रैफिक पुकार सिनेमा से फ्लाईओवर के नीचे से कोतवाली दिशा को जाएगा।
सेतु निगम ने तहसील कार्यालय क्षेत्र में कोटद्वार से आकर हरिद्वार और बिजनौर दिशा में जाने वाले ट्रैफिक को डबल फाटक फ्लाईओवर से नीचे साइड रोड से निकालने की व्यवस्था की है, जबकि हरिद्वार और बिजनौर से कोटद्वार और मुरादाबाद दिशा में जाने वाला ट्रैफिक डबल फाटक फ्लाईओवर के ऊपर से होकर गुजरेगा।