नजीबाबाद। गायत्री परिवार की ओर से 108 कुंडीय गायत्री महायज्ञ और विशाल युवा सम्मेलन आयोजित किया गया। शांतिकुंज प्रतिनिधियों ने हजारों गायत्री साधकों को गायत्री महामंत्र की दीक्षा दी।
जयनगर स्थित गायत्री शक्तिपीठ परिसर में शनिवार को मुख्य अतिथि तहसीलदार सुरेश कुमार ने मुख्य दीप प्रज्ज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया। आयोजक न्यायमूर्ति (रिटायर्ड) रामअवतार सिंह की उपस्थिति में शांतिकुंज हरिद्वार से आए परमानंद द्विवेदी एवं अजय त्रिपाठी ने करीब तीन हजार गायत्री साधकों को गायत्री महामंत्र की दीक्षा दी। उन्होंने युवा शक्ति को स्वस्थ, स्वावलंबी, सेवाभावी और शालीन बनने के सूत्र दिए। आईएएस क्वालिफाई करने वाली युवा मनीषा चक्रवर्ती को सम्मानित किया गया।
इस बीच गायत्री मंत्रों का उच्चारण करते हुए श्रद्धालुओं ने 108 कुंडीय गायत्री महायज्ञ में आहुतियां प्रदान कीं। देव संस्कृति के निर्माता, यज्ञ पिता और गायत्री माता... जयघोष के साथ साथ त्रिदेव आह्वान, गौरी गणेश पूजन, सर्वतोभद्र वेदिका पूजन एवं वैदिक मंत्रो के उच्चारण से वातावरण गूंज उठा। शाम विराट दीप यज्ञ मे दी प्रज्ज्वलित किए गए। समारोह में अवनीश अग्रवाल, डॉ.हरवीर सिंह, डॉ.भूपेंद्र कुमार, डॉ.शुभा माहेश्वरी, सुरेंद्र शर्मा, प्रकाशवीर आर्य, डॉ.केसी मठपाल, डॉ.दीप्ति गुप्ता, नंदराम चक्रवर्ती, रवि अग्रवाल, अमरेश राठी, सुधा राठी, सुदेश चौधरी, सुरेंद्र आदि उपस्थित रहे।