एसपी ने ट्रैक में मिलीं खामियों को दुरुस्त करने के दिए निर्देश
फोटो
बिजनौर। स्वतंत्रता दिवस पर आतंकी घटना के मद्देनजर एसपी अतुल शर्मा ने डॉग स्क्वायड, बम निरोधक दस्ते व अन्य टीम के साथ रेलवे स्टेशन, रेलवे ट्रैक को खंगाला। बिजनौर रेलवे स्टेशन के पास ट्रैक पर पटरियों के बीच मानक से अधिक गैप मिला व फिश प्लेट के बोल्ट भी ढीले मिले। एसपी ने आरपीएफ व जीआरपी को इसे ठीक कराने के निर्देश दिए।
एसपी अतुल शर्मा, एलआईयू, बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वायड व पुलिस बल के साथ बिजनौर के रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। वहां जो भी संदिग्ध मिला, उसकी तलाशी ली गई। प्लेटफार्म के आसपास बैठे व्यक्तियों की भी चेकिंग की गई। इसके बाद पुलिस ने रेलवे स्टेशन के आसपास रेलवे ट्रैक को देखा। ट्रैक पर पटरियों पर मानक से ज्यादा गैप के साथ कुछ क्लिप निकली हुईं मिलीं। एसपी ने जीआरपी व आरपीएफ को इन्हें ठीक करने के निर्देश दिए। ट्रैक के किनारे बने गोदामों पर भी सघन चेकिंग की गई। इस दौरान एसपी ने स्टाफ रूम में जाकर वहां रहने वालों से समस्याएं मालूम की। सीओ ट्रैफिक गजेंद्रपाल सिंह के नेतृत्व में टीम ने रोडवेज बस स्टैंड, एसआरएस मॉल, होटल-ढाबों समेत सभी जगह चेकिंग अभियान चलाया व संदिग्धों की तलाशी ली। सर्राफ बाजार में पुलिस ने गश्त की। एसपी अतुल शर्मा के मुताबिक स्वाधीनता दिवस पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। संदिग्धों पर पुलिस की नजर रहेगी। एसपी ने लोगों से कहा कि कहीं कोई संदिग्ध वस्तु या सूचना मिले तो उसके बारे में जरूर पुलिस को बताएं।