नजीबाबाद/बड़िया/मंडावली। मालन नदी में आया उफान कारसेवा से बने पुल की एप्रोच को बहा ले गया। पुल से आवागमन बंद होने से दर्जनभर गांवों का नजीबाबाद से सीधा संपर्क कट गया।
मालन नदी में आए जबरदस्त उफान का खामियाजा बड़िया से बिजौरी के बीच स्थित दर्जनभर गांवों के लोगों को भुगतना पड़ रहा है। शुक्रवार तड़के नदी में आए जबरदस्त उफान से बड़िया और भुड्डी के बीच मालन नदी पर कारसेवा से बने पुल के दोनों छोर से एप्रोच कट गई, जिससे मार्ग से आवागमन पूरी तरह बंद हो गया। छोटी भुड्डी, बड़ी भुड्डी, भोगपुर, ताहरपुर, बीरूवाला, जट्टीवाला, कुलांडी, मेदूवाला, चंडीगढ़ फार्म आदि गांवों का सीधा संपर्क बड़िया एवं नजीबाबाद से कट गया।
बीरूवाला के प्रधान अवतार सिंह ने बताया कि कारसेवा से बने पुल को खतरा होने और कई जगहों पर मालन नदी द्वारा खेतों में कटान करने से वे कई बार तहसील और जिला प्रशासन को अवगत करा चुके हैं, लेकिन प्रशासन ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। अमर उजाला ने भी 25 जून और 15 जुलाई के अंक में संपर्क मार्ग पर कई जगह कटान होने और कारसेवा से बने पुल को खतरा होने की खबरें प्रकाशित कर प्रशासन और संबंधित विभागों के अधिकारियों को चेता दिया था, मगर किसी ने समय रहते बचाव कार्य कराना गंवारा नहीं किया। शुक्रवार को पुल की एप्रोच कटने के बाद एसडीएम उद्भव त्रिपाठी, सीओ महेश कुमार और लोनिवि अधिकारियों ने नुकसान का जायजा लिया। उधर, मंडावली क्षेत्र में लकड़हान नदी में उफान आने से कई जगह भारी जलभराव हुआ। भागूवाला-विजयपुर के बीच नदी के रपटे के ऊपर करीब दो फिट पानी तीव्र गति से गुजरा। एकमात्र रास्ता होने से लोगों ने जोखिम उठाकर आवागमन किया।