दो दिन में ही सिमट गया तीन दिवसीय अंत्योदय मेला
बिजनौर।
प्रदेश सरकार की प्राथमिकता में शामिल तीन दिवसीय अंत्योदय मेला हल्दौर में मात्र दो दिन में ही सिमट गया है। मेले के नाम पर सिर्फ कागजों में ही खानापूर्ति की जा रही है। जिला सूचना अधिकारी ने तो डीएम कार्यालय से जारी विज्ञप्ति को ही गलत बता दिया।
पंडित दीनदयाल उपाध्याय के जन्मोत्सव पर हल्दौर ब्लॉक में 24 जुलाई को बीडीओ कृपाराम राजपूत ने तीन दिवसीय अंत्योदय प्रदर्शनी व मेले की शुरुआत की थी। हालांकि मेले का शुभारंभ जिला स्तर के किसी अधिकारी को करना था, पर कोई बड़ा अधिकारी इस कार्यक्रम में नहीं गया। यहां तक कि मेले की तारीख का अधिकारियों को भी सहीं नहीं पता है। डीएम कार्यालय द्वारा जारी विज्ञप्ति में हल्दौर में 24 जुलाई को मेला शुरू होकर 26 जुलाई में समापन होना था, लेकिन इसका 25 जुलाई में ही समापन हो गया।
मेले में किसानों को जानकारी देने के लिए करीब डेढ़ दर्जन सरकारी विभागों स्टाल लगाए जाने थे, लेकिन मात्र आधा दर्जन ही स्टाल लगाए गए। व्यापक प्रचार न होने के कारण स्टाल पर भीड़ भी न के बराबर रही। कुल मिलाकर अधिकारी प्रदेश सरकार की प्राथमिकता में शामिल कार्यक्रम में कोई रुचि नहीं दिखा रहे हैं। वहीं बीडीओ कृपाराम राजपूत का कहना है कि डीएम कार्यालय से जो उन्हें पत्र प्राप्त हुआ है, उसमें मेले का आयोजन 23 से 25 जुलाई तक होना था। इसलिए उन्होंने 25 जुलाई में मेले का समापन करा दिया है। उधर, जिला सूचना अधिकारी कुलदीप कुमार के मुताबिक, मेला 23 से 25 तक ही चलना था, लेकिन जो विज्ञप्ति डीएम कार्यालय से जारी हुई, वो गलत जारी हो गई है।