धामपुर शुगर मिल में झूले से गिरकर श्रमिक की मौत
धामपुर (बिजनौर)।
धामपुर शुगर मिल में करीब 25 मीटर ऊंचाई से जमीन पर गिरने के कारण दो श्रमिक गंभीर घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को मुरादाबाद ले जाया गया है। दोनों घायल श्रमिक अमरोहा जिले के नौगावां के निवासी हैं।
चीनी मिल के जीएम प्रशासन विजय कुमार गुप्ता ने बताया कि गन्ने का सीजन ऑफ होने के बाद मिल में मरम्मत का काम किया जाता है। मंगलवार को मिल में इसी के संबंध में काम चल रहा था। मिल में दो श्रमिक होराम और यशपाल (35) झूले पर बैठकर करीब 25 मीटर ऊपर काम करने जा रहे थे। उन्होंने दावा कि इस दौरान दोनों श्रमिकों का बैलेंस बिगड़ गया। इससे दोनों श्रमिक जमीन पर गिर पड़े। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद मुरादाबाद ले जाया गया। वहां उपचार के दौरान यशपाल की मौत हो गई।
इस हादसे के बाद मिल में श्रमिकों ने काम बंद कर दिया। श्रमिकों का कहना है कि दोनों श्रमिकों का झूले से बैलेंस नहीं बिगड़ा था, बल्कि झूला एक साइड से टूटा है। इसके कारण ही हादसा हुआ है।