एचटी लाइन की चपेट में आकर मजदूर की मौत
बिजनौर। ट्रक में लकड़ी भरते समय एक मजदूर की एचटी लाइन की चपेट में आकर मौत हो गई, जबकि दूसरा झुलस गया। बिजनौर में बुल्ला के चौराहे निकट रहने वाला शब्बू व नईम मजदूरी करते थे। शनिवार शाम वह मंडावली थाने के गांव बुड्ढी मंडावली में साथियों के साथ एक ट्रक में लकड़ी भर रहे थे। दोनों ट्रक के ऊपर से गुजर रही एचटी लाइन की चपेट में आ गए। इससे दोनों झुलस गए। साथियों ने उन्हें उपचार के लिए मंडावली के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। यहां से चिकित्सकों ने बिजनौर रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने शब्बू को मृत घोषित कर दिया। शब्बू के परिजनों ने बताया कि वह मोहल्ले के चार युवकों के साथ मजदूरी करने गया था। शब्बू की अभी शादी नहीं हुई थी। परिजन बिना किसी कार्रवाई शब्बू के शव को घर ले आए। नईम की हालत में सुधार होने पर रविवार सुबह उसकी छुट्टी कर दी गई है।