शहीदों के नाम कांवड़ लाया बजरंग दल का जत्था
हल्दौर। बजरंग दल के कार्यकर्ताओं का एक जत्था पुलवामा में आतंकी हमलों में शहीद हुए भारतीय वीर सैनिकों की आत्मा की शांति, देश में अमन चैन और प्रगति की कामना को लेकर हरिद्वार से कांवड़ में जल भरकर पहुंचा। नगरवासियों ने कांवड़ियों का भव्य स्वागत किया। कांवड़ियों ने शहीद स्मारक भारत माता की पूजा की और शिवालयों में जलाभिषेक किया। उन्होंने कहा कि भारत व पाकिस्तान की सीमा पर देश के हाल ही में कई जवान शहीद होने से देशवासियों में उनके प्रति दु:ख व्याप्त है।
बजरंग दल के नितिन शर्मा, गौरव चौहान, कोमल शर्मा, पीयूष चौहान, बालेश, अर्जुन प्रताप चौहान आदि कार्यकर्ताओं का एक जत्था हरिद्वार से शहीदों के नाम एक कांवड़ में जल भरकर अपने नगर रविवार की देर रात करीब नौ बजे लौटा। नगर में पहुंचे कांवड़ियों का शहीद स्मारक पर नगरवासियों ने भव्य स्वागत किया और स्मारक पर सामूहिक रूप से दीप प्रज्वलित कर भारत माता की आरती की। नगरवासियों ने शहीदों को नमन किया और मंदिर में जाकर भगवान शिव का जलाभिषेक कर शहीदों की आत्मा की शांति व देश में अमन चैन के साथ तरक्की होने की प्रभु से कामना की। इस दौरान कांवड़ियों ने हर हर महादेव, बम बम भोले, शिव पार्वती की जय हो। कुछ आक्रोशित नगर वासियों ने पाकिस्तान के नापाक करतूत से खफा होकर पाकिस्तान व उसके देश के प्रधानमंत्री इमरान खान के खिलाफ मुर्दाबाद के जमकर नारे लगाए। भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के नगर अध्यक्ष लक्ष्मीकांत वर्मा, सुरक्षा प्रमुख बजरंग दल के शिवम वर्मा, ममता रस्तोगी, रानू रस्तोगी आदि मौजूद रहे।