कर्ज माफी के नाम पर किसानों से किया धोखा : नारायण पाल
नजीबाबाद । किसान कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव नारायण पाल ने कहा कि किसान बीमा और कर्ज माफी के नाम पर केंद्र सरकार ने किसानों के साथ धोखा किया है। उन्होंने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव में किसान केंद्र सरकार को सबक सिखाएंगे।
किसान कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव नारायण पाल का नजीबाबाद पहुंचने पर वरिष्ठ कांग्रेसी जीशान सैफी के नेतृत्व में स्वागत किया गया। हरिद्वार में आयोजित किसान सभा के सम्मेलन में भाग लेने जा रहे किसान कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव ने कहा कि कांग्रेस ने 25 जनवरी 2019 को चम्पारण बिहार से दिल्ली तक के लिए भाजपा गद्दी छोड़ो पदयात्रा शुरू की है।
30 जनवरी 2019 को राजघाट दिल्ली में राहुल गांधी विशाल रैली में यात्रा के समापन पर किसानों को संबोधित करेंगे। राष्ट्रीय महासचिव ने कहा कि बीमा योजना के नाम पर सरकार इंश्योरेंस कंपनियों को फायदा पहुंचाकर किसानों को गुमराह कर उनके भविष्य के साथ धोखा कर रही है।नारायण पाल ने कहा कि जब तक देश का किसान समृद्ध नहीं होगा तब तक देश समृद्ध नहीं हो सकता। इस दौरान स्वागत समारोह में रोमान सैफी, दयाराम, ओमप्रकाश, शेरसिंह, गुरप्रीत सिंह, हरविंदर सिंह ने स्वागत किया।