कार्यकर्ताओं से एकजुट होने का आह्वान किया
नजीबाबाद। नगर के एक बैंक्वेट हॉल में भाजपा के जिलाध्यक्ष राजीव सिसौदिया के निर्देशन में कार्यकर्ताओं की जिलास्तरीय कार्यशाला आयोजित हुई। मेरा परिवार भाजपा का परिवार, कमल विकास योजना और सेक्टर सम्मेलन अभियान के अंतर्गत आयोजित कार्यशाला में मुख्य अतिथि देवराज सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री बीमा योजना, अटल पेंशन योजना, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री सौभाग्य सहित कई कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से समाज के हर वर्ग के उत्थान का काम किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर योजनाओं के लाभार्थियों से डोर-टू-डोर जनसंपर्क अभियान चलाने, सेक्टर सम्मेलन अभियान चलाने और अधिक से अधिक परिवारों को भाजपा से जोड़ने का आह्वान किया। आशु वर्मा ने भी विचार रखे। जिला महामंत्री मुकेश त्यागी के संचालन में आयोजित कार्यक्रम में सत्यवीर सिंह, महेंद्र, रचनापाल सिंह, भूपेंद्र सिंह, राकेश कौशिक, डॉ. भुवनेंद्र चौधरी, पंकज कुमार, संदीप तायल, सुमन त्यागी, प्रमोद चौहान, विक्रांत चौधरी, नवनिहाल सिंह आदि मौजूद रहे।