अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति परीक्षा आज, तैयारी पूरी
बिजनौर। अमर उजाला फाउंडेशन की अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति परीक्षा आज बिजनौर में नजीबाबाद रोड पर गांव झलरा के पास स्थित बिजनौर पब्लिक स्कूल में होगी। परीक्षा के आयोजन की तैयारी पूरी कर ली गई हैं। स्कूल में अभ्यर्थियों के बैठने के लिए सीटिंग प्लान लगा दिया गया है। परीक्षा स्थल पर बच्चों से आधा घंटा पहले पहुंचने के लिए कहा गया है।
बोर्ड परीक्षा की तैयारी में जुटे प्रतिभागियों को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार करने व प्रतिभावान विद्यार्थियों को सम्मानित करने के लिए अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति परीक्षा आयोजित होती है। परीक्षा में कक्षा नौ, दस, 11 व 12 के विद्यार्थी हिस्सा लेते हैं। इस बार परीक्षा का केंद्र नजीबाबाद मार्ग पर गांव झलरा के पास स्थित बिजनौर पब्लिक स्कूल को बनाया गया है। परीक्षा केंद्र पर शनिवार को सीटिंग प्लान लगा दिया गया। सीटिंग प्लान लगाने में स्कूल स्टाफ ने पूरा सहयोग दिया। रविवार को होने वाली परीक्षा में कक्षा नौ व दस के लिए एक पेपर तथा 11 व 12 के लिए एक प्रश्नपत्र आएगा। परीक्षा में 620 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया है। परीक्षा सुबह 11 बजे से साढ़े 12 बजे तक होगी। परीक्षा केंद्र पर विद्यार्थियों से आधा घंटा पहले आने के लिए कहा गया है। विद्यार्थियों से केवल लेखन सामग्री ही साथ लेकर आने के लिए बताया गया है। लेखन सामग्री के अलावा कोई और सामग्री विद्यार्थियों को परीक्षा केंद्र के अंदर नहीं ले जाने दी जाएगी। जिन विद्यार्थियों का ऑन लाइन एडमिट कार्ड डाउनलोड नहीं हुआ है, वे भी परीक्षा में शामिल हो सकते हैं। ऐसे विद्यार्थियों को परीक्षा में शामिल करने के लिए अलग से व्यवस्था की जा रही है। विद्यार्थी परीक्षा की तैयारी में जुटे हुए हैं। अमर उजाला फाउंडेशन विद्यार्थियों के परीक्षा में सफल होने की कामना करता है।